22 अगस्त को बच्चों को खिलाई जाएगी कृमि नाशक दवा
हरिद्वार। जिला समन्वय समिति की जिला स्तरीय बैठक में एक से 19 साल तक के 738806 बच्चों को कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। 22 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति पर एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य शिक्षण संस्थानों में कृमि नाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। शनिवार को एडीएम पीएल शाह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एडीएम ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, अल्पसंख्यक, पंचायती राज आदि संबंधित विभागों को आपस में समन्वय स्थापित करते हुए लक्ष्य हासिल करने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. मनीष दत्त ने कहा कि 22 अगस्त को किसी कारण कोई बच्चा दवा खाने से छूट जाए तो बच्चों को 29 अगस्त को माप अप राउंड में दवा खिलाई जाएगी। एक से दो वर्ष के बच्चों को आधा गोली और तीन से 19 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली खिलाई जानी है। बैठक में एसीएमओ, डीईओ, कार्यक्रम अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

