HARIDWARUTTARAKHAND

स्मार्टफोन पर इंटरनेट चलाते समय बरतें सावधानी

रुड़की। पुलिस ने महाराजपुर कलां में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को नशे की लत से दूर रहने की नसीहत दी। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध के बारे में भी बताया। पुलिस ने युवाओं को स्मार्टफोन पर इंटरनेट चलाते समय सावधानी बरतने की हिदायत भी दी।कोतवाल अमरचंद शर्मा ने चौपाल की शुरुआत करते हुए नशे की लत पर चिंता जाहिर की। कहा कि नशा हमारी युवा पीढ़ी को नुकसान पहुंचाने के साथ ही उनके पूरे परिवार के लिए परेशानी का कारण बनती है। उन्होंने दुनिया भर में बढ़ते साइबर अपराध से सचेत रहने की सलाह भी दी। युवाओं से आग्रह किया कि फोन पर इंटरनेट का प्रयोग पूरी सावधानी से करें। एसएसआई यशवीर सिंह नेगी ने कहा कि मोबाइल इंटरनेट पर आने वाले नए मैसेज को बिना सोचे समझे खोलने से खतरा हो सकता है। पहले इसे भेजने वाली वेबसाइट की पूरी जानकारी जरूर लें। रायसी चौकी प्रभारी प्रवीण बिष्ट ने कहा कि अनजान व्यक्ति को अपने फोन पर आई ओटीपी कतई न बताएं। इससे धोखाधड़ी हो सकती है। पुलिस ने नाबालिग बच्चों को बाइक न देने, बालिग को भी बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात के नियमों का पालन करने की अपील भी की। मदन कुमार, प्रभाकर थपलियाल, अनुज कुमार, सुखपाल सिंह, कपिल कुमार, देवेंद्र, अनिल कुमार, राहुल सैनी, जसवीर, मनोज कुमार, योगेश, आशीष कुमार, दीपक कुमार ने भी चौपाल में सहयोग किया।