भारतीय ब्राह्मण समाज ने किया सम्मान समारोह आयोजित
रुड़की। भारतीय ब्राह्मण समाज की ओर से आदर्श नगर स्थित श्री गार्डन वैंक्टहॉल में ब्राह्मण प्रतिभाओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि ब्राह्मण समाज के बच्चे आज हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रहे हैं। कहा कि सम्मान समारोह के दौरान दिया गया पुरस्कार मात्र पुरस्कार नहीं है, बल्कि यह एक जिम्मेदारी है जो कि समाज ने आपको दी है। अपनी जिम्मेदारी समझते हुए हमेशा देश और समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करना है। उन्होंने वहां मौजूद अभिभावकों से आग्रह किया कि लक्ष्य निर्धारित करने में बच्चों की मदद करें। उस क्षेत्र में मेहनत करने के लिए उनका मनोबल बढ़ाए ताकि वह सफल होकर समाज का नाम रोशन कर सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पंडित ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि ब्राह्मण समाज की जागरूकता देखकर काफी खुश हूं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह का आयोजन समय-समय पर होना चाहिए। ताकि बच्चों की प्रतिभाओं से पूरा समाज सीख ले सकें। उन्होंने कहा की मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामान्य शिक्षा के साथ शास्त्र की शिक्षा भी जरूर ग्रहण करें। उन्होंने सभी से समाज के हितों में काम करने का आह्वान किया और अगले वर्ष भव्य सम्मान समारोह का आयोजन करने को कहा। अति विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्य मंत्री डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। छावनी परिषद रुड़की के मुख्य अधिशासी अधिकारी विशाल सारस्वत ने छात्र-छात्रओं को कड़ी मेहनत के दम पर सफलता प्राप्त करने को कहा। इस दौरान राष्ट्रीय साहित्य अकादमी दिल्ली के पूर्व सदस्य डॉ. योगेंद्र नाथ शर्मा अरुण, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सतीश कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, सुधीर शांडिल्य, अरुण कुमार शर्मा, पं. राजकुमार दुखी, मदरहुड विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरेंद्र शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश कौशिक, निर्देशक बाबूराम डिग्री कॉलेज जलज गौड़, डॉ. सुरेंद्र कौशिक, प्राचार्य दीपक शर्मा, बीएसआई कॉलेज के निदेशक सौरभ भूषण शर्मा, अंकित शर्मा, विनोद कुमार शर्मा, डॉ. सुदेश शर्मा, मनमोहन शर्मा, शोभित गौतम, दीपा कौशिक, संदीप कौशिक, अतुल शर्मा, रजनीश शर्मा, सचिन शर्मा, बिट्टू शर्मा, राजेश पालीवाल, सुधांशु शर्मा, आदित्य शर्मा, सुधांशु शर्मा आादि मौजूद रहे।

