पत्थर से कूचकर की गई थी मजदूर की हत्या
हरिद्वार। आर्यनगर क्षेत्र में मजदूर के शव मिलने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि किसी भारी भरकम वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस का मानना है कि पत्थर से वार कर मजदूर की हत्या की गई है। इधर, मृतक के एक साथी मजदूर की संलिप्ता को लेकर पुलिस उसकी धरपकड़ में जुट गई है। तीन दिन पूर्व आर्यनगर क्षेत्र में खून से लथपथ करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था। सामने आया था कि मृतक के सिर पर गहरा घाव था। पुलिस ने उस वक्त किसी वाहन की चपेट में आकर मौत होने का अंदेशा जताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसकी हत्या की गई थी, उसके सिर पर भारी-भरकम वस्तु से वार किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा होने पर पुलिस ने जब पड़ताल शुरू की तब प्रकाश में आया कि मृतक का नाम जयदेव है और वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी है। उसकी हत्या का संदेह उसके साथी मजदूर मोहन निवासी बिहार पर जताया गया है, जो घटना के बाद से गायब है। फरार मजदूर की तलाश में ज्वालापुर पुलिस जुट गई है। एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि संभवत पत्थर से वार कर मजदूर की हत्या की गई है। मृतक रेलवे फाटक के पास से रोजाना दिहाड़ी पेशे के लिए जाता था और फरार मजदूर भी उसी के साथ रहता था। फरार मजदूर की तलाश कर रहे हैं। इस संबंध में स्थानीय नागरिक राकेश खंडूजा ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
