उर्जा सचिव से की किसानों के बिल माफी की मांग
रुड़की। खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने देहरादून में उर्जा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम से मुलाकात कर हरिद्वार जिले के बाढ़ से प्रभावित किसानों की समस्याएं बताई। उन्होंने किसानों के नलकूप और घरेलू विद्युत कनेक्शन का एक साल का बिल माफ करने की मांग करते हुए सचिव को एक ज्ञापन भी सौंपा। पूर्व विधायक ने बताया कि इस बार हरिद्वार जिले में आई बाढ़ ने पहले से कई गुना ज्यादा तबाही मचाई है। फसलें नष्ट होने से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को हुआ है। खासकर खानपुर व लक्सर विकासखंड के किसानों की तो पूरी फसल नष्ट हो गई है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान बिजली के बिल जमा करने में सक्षम नहीं हैं।

