भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण करने वालों का स्वागत किया
ऋषिकेश। शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण यात्रा करने वाले देवप्रयाग के विधायक और छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया। शनिवार को शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल में रोटरी क्लब ऋषिकेश के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण करने वाले देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी और 61 छात्र-छात्राओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधक लक्ष्मण संजीव चौहान ने कहा कि विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में 61 छात्र-छात्राओं ने यह यात्रा की है। यह यात्रा देवप्रयाग से 23 सितंबर को शुरू हुई थी। इसके बाद छात्रों ने देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी, वन मंत्री सुबोध उनियाल से आशीर्वाद लिया था। उसके बाद वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली पहुंचकर लालकिला, इंडिया गेट, राष्ट्रीय संग्रहालय, प्रधानमंत्री संग्रहालय, संसद भवन, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान देखा। यात्रा के दौरान केंद्रीय खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केद्रीय राज्य रक्षा मंत्री अजय भट्ट आदि देश के प्रमुख लोगों से मुलाकात की। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि भ्रमण में गरीब और मध्यवर्ग के छात्र सम्मिलित रहे, जिनको कभी शहरी क्षेत्रों में जाने का अवसर नहीं मिलता है। छात्र-छात्राएं भ्रमण से काफी खुश दिखे। आगे भी निरंतर विधानसभा में भारत दर्शन के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस दौरान रोटरी क्लब ऋषिकेश ने छात्रों को सम्मानित किया। मौके पर टेक सिंह राणा, कीर्तिनगर नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी जाखी, अर्जुन भंडारी, रणजीत सिंह जाखी, डा. विजय मोहन गैरोला, विद्यालय प्रबंधक लक्ष्मण संजीव चौहान, संदीप कुडियाल चौहान, मानवेन्द्र कंडारी, महावीर उपाध्याय, रोटरी क्लब के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव संजीव शर्मा, टेक सिंह राणा, प्रधानाचार्य दीपक भारद्वाज,अक्षत चौहान, नवीन नेगी, अनिल रावत ,मोहन रावत, जगमोहन सिंह रागड, जटे चौहान आदि मौजूद रहे।
