ऋषिकेश में उमड़े पर्यटक, लगा जाम
ऋषिकेश। तीन दिन की छुट्टियों के चलते पर्यटक ऋषिकेश का रुख कर रहे हैं। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से शहर और साथ सटे इलाकों में होटल-रिजॉर्ट और कैंपों में बुकिंग फुल रही। हरिद्वार-देहरादून नेशनल हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से श्यामपुर में जाम की स्थिति बनी रही। इसके चलते पुलिस को नेपाली फार्म से बाहरी राज्यों के वाहनों को भानियावाला की तरफ डायवर्ट करना पड़ा। शनिवार को वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक ऋषिकेश पहुंचे। श्यामपुर रेलवे फाटक के आसपास दिनभर जाम की स्थिति रही। पर्यटकों को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस को नेपाली फार्म फ्लाईओवर से भानियावाला-रानीपोखरी होते हुए उन्हें ऋषिकेश भेजना पड़ा। इससे भी हाईवे पर वाहनों का दबाव कम होता नहीं दिखा। श्यामपुर से ऋषिकेश तक पहुंचने में वाहन सवारों को जाम का झाम झेलना पड़ा। रविवार और सोमवार को सरकारी अवकाश होने की वजह से ज्यादा पर्यटकों ने ऋषिकेश का रुख किया। इससे शहर और साथ सटे मुनिकीरेती तथा स्वर्गाश्रम समेत अन्य इलाकों में होटल, धर्मशाला, रिजॉर्ट के साथ कैंपों में भी बुकिंग फुल रही। सीओ संदीप नेगी ने बताया कि यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस भरसक प्रयास कर रही है। श्यामपुर में संकरे हाईवे और रेलवे फाटक की वजह से जाम की स्थिति पैदा हो रही है। वाहन सवारों को जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस हाईवे पर रूट भी डायवर्ट कर रही है।
