जेएम ने किया सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण
रुडक़ी
रुडक़ी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह ने कार्यभार संभालते ही सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। वहीं सिविल अस्पताल में बनाए गए आइसीयू वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट और अन्य वार्ड का निरीक्षण भी किया। रुडक़ी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पर पर तैनात अपूर्वा पांडे के तबादले के बाद अंशुल सिंह की रुडक़ी जेएम पद पर तैनाती हुई है। सोमवार को अंशुल सिंह ने जेएम का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद वह सिविल अस्पताल पहुंचे। वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही अस्पताल स्टॉफ में हलचल मच गयी। देखते ही देखेते ओपीडी कक्ष से दाएं बांए हुए चिकित्सक अपने कक्ष में दिखायी दिए। ओपीडी का राउंड लेते हुए जेएम सीधे सीएमएस के कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने सीएमएस डॉ. संजय कंसल से अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करवाई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में बनाए गए आइसीयू वार्ड और ऑक्सीजन प्लांट के संबंध में भी जानकारी हासिल की। इसके बाद जेएम ने आइसीयू वार्ड, ऑक्सीजन प्लांट और अन्य वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आइसीयू में मौजूद सुविधाएं देखी। ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता आदि के संबंध में जानकारी ली। जेएम अंशुल सिंह ने बताया कि कार्यभार ग्रहण करने के बाद वह सिविल अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी लेने पहुंचे थे।

