NATIONAL

‘देश में बेरोजगारी और महंगाई बड़ा मुद्दा

अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर जबरदस्त तरीके से हमलावर है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान अपने संबोधन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि देश में भाजपा और RSS के लोग नफरत फैला रहे हैं। एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ा रहे हैं, एक जाति को दूसरी जाति से लड़ा रहे हैं और एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महीनों से मणिपुर जल रहा है और देश के प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए… इसलिए हमने सोचा कि क्यों ना हम एक भारत जोड़ो यात्रा शुरू करें।

राहुल गांधी की यात्रा आज अरुणाचल प्रदेश भी पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि मणिपुर में सिविल वॉर जैसा माहौल बना हुआ है, लोग मारे जा रहे हैं, घर जलाए जा रहे हैं..लेकिन देश के प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए। उन्होंने कहा कि पिछले साल हमने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की थी। जिसमें देश के कोने-कोने से लोग आए। उन्होंने कहा कि हमें नॉर्थ ईस्ट में भी यात्रा करनी चाहिए। जिसके बाद हमने नॉर्थ ईस्ट से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भाई को भाई से लड़ाती है, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाती है, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाती है और दो-तीन लोगों के लिए सरकार चलाती है। इसमें पूरा फायदा दो-तीन बड़े उद्योगपतियों का होता है और जनता का नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोगों को जोड़ने का काम करती है, उन्हें प्रतिनिधित्व देने का काम करती है- जैसे अरुणाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया।