ईडी ने धन शोधन मामले में कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्यमंत्री सोरेन से पूछताछ शुरू की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से यहां उनके आधिकारिक आवास पर शनिवार दोपहर पूछताछ शुरू की। एक अधिकारी ने बताया कि भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती के कारण पूरा इलाका किले में तब्दील हो गया है। सोरेन (48) झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। वह इससे पहले, ईडी द्वारा सात बार समन जारी किये जाने पर पूछताछ के लिए एजेंसी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए थे। ईडी द्वारा आठवीं बार उन्हें समन जारी किये जाने पर आखिरकार उन्होंने अपनी सहमति दे दी। अधिकारी ने बताया कि जांच एजेंसी के अधिकारी दोपहर करीब एक बजे सोरेन के आवास पर पहुंचे। मौके पर बड़ी संख्या में तैनात सुरक्षा कर्मी मुख्यमंत्री आवास के आसपास गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
राशन वितरण से संबंधित करोड़ों रुपये के कथित घोटाले के सिलसिले में पश्चिम बंगाल में ईडी अधिकारियों पर हुए हालिया हमले के मद्देनजर यह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस बीच, झामुमो ने सोरेन के आवास पर पार्टी के विधायकों की एक बैठक बुलाई। पार्टी महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य ने पीटीआई-से कहा, ‘‘ ईडी मुख्यमंत्री से पूछताछ कर रही है…हम भी अपनी बैठक कर रहे हैं…आगे की रणनीति, पूछताछ के नतीजे के आधार पर बनाई जाएगी।’’ जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने सोरेन से ईडी की पूछताछ शुरू होने से पहले कहा कि मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से धैर्य रखने को कहा है। अंसारी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री मुझे देखने के बाद भावुक हो गए और हमसे धैर्य रखने को कहा।’’ सोरेन को ईडी के समन के खिलाफ आदिवासियों के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर भट्टाचार्य ने कहा कि यह स्वत: हुई प्रतिक्रिया है और झामुमो ने इसके लिए कोई आह्वान नहीं किया था।

