दो पक्षों के बीच मारपीट होने पर मुकदमा
हरिद्वार
उपनगर ज्वालापुर में रविवार देर रात दो पक्षों के बीच सरेराह जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट के दौरान मौके पर अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने क्रॉस मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना मोहल्ला नीलखुदाना धीरवाला की है। एक पक्ष की सलोनी सैनी पत्नी प्रमोद सैनी निवासी मोहल्ला नीलखुदाना ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसका बेटा हर्ष सैनी अपने घर के बाहर दुकान पर मौजूद था। आरोप है कि इस दौरान बादल समीर, आसिफ, देवश, बीशू अपने दोस्तों के साथ आ पहुंचे और लोहे की रॉड से उसके बेटे पर हमला कर दिया।
उधर, दूसरे पक्ष के मोंटी कुमार निवासी धीरवाली ने शिकायत दी कि उसका भाई बादल उसकी मां संगीता देवी के साथ घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में हर्ष सैनी, वंश सैनी, साहिल नेगी, चिराग सैनी, गुड्डू वर्मा, निशांत चौधरी ने उसे रोक लिया, जिसके बाद उसके भाई के साथ मारपीट कर दी गई। एसएसआई राजेश बिष्ट ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी के चलते ही मारपीट हुई है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

