एक माह के अंदर औषधालय अन्यत्र शिफ्ट करें : पुण्डीर
विकासनगर
बस्ती के बीच सेलाकुई में स्थापित ईएसआई औषधालय को लेकर सेलाकुई के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने औषधालय के गेट पर जमकर हंगामा काटा। जिसके चलते क्षेत्रीय विधायक सहसदेव सिंह पुंडीर मौके पर पहुंचे। विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर एक माह के भीतर औषधालय को अन्यत्र शिफ्ट करने के आदेश दिए। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। सेलाकुई ईएसआई औषधालय को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने सोमवार जमकर हंगामा काटा। स्थानीय लोगों का कहना है कि औषधालय घनी आबादी के बीच है। जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। औषधालय के पास पार्किंग की सुविधा भी नहीं है। लोगों के घरों के पास औषधालय में आने वाले लोग अपने वाहन खड़े करते हैं, जिससे लोगों को दिक्कत होती है। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक ने विकासनगर एसडीएम विनोद कुमार, सीएमओ ईएसआई डॉ. आकाशदीप सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल आदि अधिकारियों को बुलाकर एक माह के अंदर औषधालय शिफ्टिंग के आदेश दिए। एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार ने कहा अस्पताल की सभी फॉर्मेलिटी पूरी होने पर शिफ्टिंग की तैयारी की जा रही है। इंडस्ट्री सीएमओ आकाशदीप सिंह ने कहा एक माह के अंदर अस्पताल को शिफ्ट किया जाएगा। हंगामा करने वालों में शूरवीर सिंह चौहान, वीर सिंह रावत, मनोज पंवार, पूर्व उपप्रधान अनिल नौटियाल, पूर्व प्रधान विजयपाल सिंह बर्तवाल, राजेंद्र प्रसाद बलूनी, सुखदेव फर्स्वाण, कर्मपाल पुंडीर, विजय बिष्ट आदि शामिल रहे।

