सामूहिक अवकाश पर रहे निकाय कर्मी, मांगों के जल्द निस्तारण की मांग की
विकासनगर
राज्य कर्मचारी की भांति सामूहिक बीमा की सुविधा सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर निकाय कर्मचारी महासंघ के कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहे। कर्मचारियों ने पालिका कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन कर मांगों के जल्द निस्तारण की मांग भी की। छह सितम्बर से चल रहे निकाय कर्मचारी महासंघ के आंदोलन ने गति पकड़ ली है। प्रदर्शन और गेट मीटिंग के बाद सोमवार को कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश रखकर आंदोलन को आगे बढ़ाया। कर्मचारियों ने अवकाश पर रहते हुए पालिका गेट पर एकत्र होकर प्रदर्शन भी किया। महासंघ के प्रांतीय महामंत्री प्रदीप वर्मा ने कर्मचारियों को राज्य कर्मियों की भांति सामूहिक बीमा योजना का लाभ दिए जाने सहित सफाई निरीक्षक और राजस्व निरीक्षक की पदोन्नति, राज्य कर्मियों की भांति आवास और किराया भत्ता, ट्रेजरी के माध्यम से वेतन भुगतान, राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजना का लाभ, ठेका प्रथा समाप्त कर संविदा, आउट सोर्सिंग और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को नियमित नियुक्ति देने आदि मांगों की ओर सरकार का ध्यान खींचा। कहा कि छह सितम्बर से कर्मचारी आठ सूत्रिय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन, प्रदेश सरकार कर्मचारियों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि, जल्द उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। सामूहिक अवकाश में नवनीत गुप्ता, शिव कुमार, जगदीश लाल, विनोद डिमरी, पवन कुमार, मोहित पाठक, सुनील कुमार, संजय कुमार, दीपा, स्मिता वर्मा, विनोद चौहान, वीर सिंह, रविकांत, पिंकू आदि शामिल रहे।

