परिवहन निगम के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया
विकासनगर
विकासनगर से मिनस, अटाल, त्यूणी रूट पर संचालित प्राइवेट बस का
क्षेत्रवासियों ने जमकर विरोध किया। लोगों ने त्यूणी बाजार में परिवहन
निगम के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया। उन्होंने किसी भी सूरत में
प्राइवेट बसों को क्षेत्र में नहीं चलने देने की चेतावनी दी है। सोमवार
सुबह सवारियों को लेकर त्यूणी पहुंची प्राइवेट बस को देखकर स्थानीय
युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। युवाओं ने युवक मंगल दल के बैनर तले बाजार
पहुंची प्राइवेट बस के खिलाफ चौक बाजार में प्रदर्शन किया। साथ ही, बस को
वापस विकासनगर लौटा दिया। इस दौरान युवाओं ने प्रदेश सरकार और परिवहन
निगम के खिलाफ भी प्रदर्शन किया। युवक मंगल दल अध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान ने
कहा कि इन खटारा प्राइवेट बसों के कारण जौनसार, बावर, बगांण के हजारों
लोगों ने अपनी जिंदगी गंवाई हैं। कई परिवार इन खटारा बसों के कारण तबाह
हो चुके हैं। मिनस कोटी इच्छाड़ी मार्ग पर अप्रैल 2017 में गुम्मा के
समीप हुए बस हादसे का मंजर अभी तक लोग भूल नहीं पाये हैं। उस दुघर्टना के
बाद ही क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र में प्राइवेट बसों का संचालन बंद करा
दिया था। लेकिन सरकार और परिवहन निगम ने इन खटारा प्राइवेट बसों को पुन:
क्षेत्र में संचालन की अनुमति दे दी है। जिसे क्षेत्रवासी बर्दाश्त नहीं
करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि खटारा प्राइवेट बसों का संचालन क्षेत्र
में किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए युवा किसी भी
आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन में संदीप राणा, संदीप, जसवंत
पांडेय, यशपाल चौहान, राहुल रावत, चंदर साल्टरा, प्रमोद चौहान, अमन राणा,
युद्धवीर सिंह चौहान, परवीर रावत आदि शामिल रहे। उधर, मामले में एसडीएम
सौरभ असवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों के विरोध के मद्देनजर
उच्चाधिकारियों और परिवहन अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।
युवक मंगल दल त्यूणी के पदाधिकारियों ने मामले में प्रदर्शन के बाद
तहसीलदार और थानाध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा। पदाधिकारियों ने तहसील और
पुलिस प्रशासन को बताया कि खटारा प्राइवेट बसों का क्षेत्र में संचालन
नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने तहसील प्रशासन और पुलिस प्रशासन से भी
मामले में सहयोग की मांग की।

