ग्राम रोजगार सेवकों ने मांगी मानदेय वृद्धि
पौड़ी
मनरेगा योजना के तहत ब्लाकस्तर पर कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों ने उच्चाधिकारियों पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। कहा कि मनरेगा योजना के सफल संचालन के लिए सरकार ने जो शासनादेश जारी किए हैं उच्चाधिकारियों द्वारा पालन नहीं करते हुए मनमर्जी की योजनाएं थोपी जा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से रोजगार सेवकों को न्याय दिलाने की मांग उठाई है।
ग्राम रोजगार सेवक रमेश कुमार, जयपाल, सुरेंद्र, देवेंद्र, दिवाकर आदि ने बताया कि पौड़ी जिले में उच्चाधिकारियों द्वारा उनका शोषण किया जा रहा है। उच्चाधिकारी अपनी मनमर्जी से ग्राम रोजगार सेवकों को मानदेय का भुगतान कर रहे है। कहा कि सरकार ने मनरेगा योजना में कार्यरत उप कार्यक्रम अधिकारी, कम्प्यूटर सहायक, कनिष्ठ अभियंता व ग्राम रोजगार सेवकों के मानदेय में 5 फीसदी वृद्धि करने का शासनादेश जारी किया लेकिन पौड़ी जिले में उच्चाधिकारियों के सौतेले व्यवहार के चलते ग्राम रोजगार सेवकों को मानदेय वृद्धि का लाभ नहीं मिल पाया है। जिससे ग्राम रोजगार सेवकों में नाराजगी बनी है। उन्होंने जल्द ही मानदेय वृद्धि का लाभ दिए जाने की मांग उठाई है। इस मौके पर वीरेंद्र, कुसुम, ज्योति, संजय, रवींद्र, बृजमोहन, मनमोहन, कैलाश, नवीन, राजेश, अनिल आदि शामिल थे।

