HARIDWAR

ईवीएम, वीवीपैट से मतदान करना पूरी तरह सुरक्षित

रुडकी।  बुधवार से प्रशासन की दो टीमों ने लक्सर व खानपुर विधानसभा में बूथवार स्वीप वैन के माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम तथा वीवीपैट से होने वाले मतदान की बारीकियां बताई। एक्सपर्ट ने बताया कि ईवीएम व वीवीपैट आधुनिकतम तकनीकी मशीन है। इसमें डाले गए मत से छेड़छाड़ की कोई संभावना नहीं है।
प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासन लोगों को ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के बारे में जागरूक कर रहा है। एसडीएम वैभव गुप्ता ने बुधवार सुबह दो अलग, अलग स्वीप वैन को हरी झंडी दिखाकर लक्सर व खानपुर विधानसभा में जागरूकता अभियान के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को लेकर देहात क्षेत्र में कुछ भ्रांतियां फैली हुई हैं। इन्हीं भ्रांतियों को दूर करने के लिए सरकार ने लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया है। इसके बाद लक्सर के एएलएमटी (एरिया लेवल मास्टर ट्रेनर) डॉ. अरविंद शर्मा व खानपुर में एएलएमटी शशिकांत ने अपनी टीम के सुशील कुमार व सुनीता चौधरी के साथ बूथ संख्या एक से चार तक जाकर लोगों को लघु फिल्म के माध्यम से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ईवीएम मशीन आधुनिकतम सूचना तकनीकी पर आधारित है। इसमें डाले गए वोट से छेड़छाड़ होने की संभावना कतई नहीं रहती है। मतदाता ने किस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है, इसकी पुष्टि ईवीएम से जुड़ी वीवीपैट मशीन से हो जाती है। उन्होंने लोगों से ईवीएम व वीवीपैट मशीन के बाबत फैली अफवाहों पर यकीन न करने के साथ ही चुनाव के दौरान हर मतदाता को राष्ट्रहित में मतदान करने का संदेश भी दिया।