टीकाकरण के लिए घर-घर दें दस्तक
भोपाल,07 दिसम्बर । प्रदेश में टीकाकरण का काम अच्छा चल रहा है। दिसम्बर तक सभी पात्र व्यक्तियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए टीके लगाने हैं। इसके लिए आठ, 16 और 22 दिसम्बर को टीकाकरण महाभियान चलाया जाएगा। जिन्होंने अभी तक टीके नहीं लगवाए हैं, उनके घरों पर दस्तक दी जाए। प्रभारी अधिकारी कलेक्टरों से प्रतिदिन संवाद करें। जिलों में रोके-टोको अभियान चलाया जाए ताकि कोरोना संक्रमण पर पूर्ण नियंत्रण किया जा सके। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गत दिवस मंत्रालय में कोरोना की समीक्षा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जनजागरुकता से हम कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का मुकाबला कर सकते हैं। विदेश से राज्य में आए 501 यात्रियों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। जिन जिलों में टीकाकरण कम हुआ है, वहां घर-घर दस्तक अभियान चलाया जाए। टीकाकरण महाभियान काफी महत्वपूर्ण है। इस पर ध्यान दें। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को कोरोना संक्रमण में 17 प्रकरण आए हैं। कुल सक्रिय मामलों की संख्या 138 है। स्वस्थ होने वालों की दर 98.6 प्रतिशत है। नौ करोड़ 12 लाख आठ हजार 38 वैक्सीन के डोज लगाई जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि कलेक्टर और आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य अस्पतालों की व्यवस्थाओं को जाकर देखें। ऑक्सीजन संयंत्र और वेंटीलेटर की स्थिति का निरीक्षण कर लें।

