UTTARAKHAND

प्रदेश में आसमान छूती महंगाई से लोग परेशान: भट्ट

चमोली। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई से लोग परेशान हैं। उस पर नए वर्ष में और महंगाई बढ़ने से गरीब तथा मध्यमवर्गीय का घर चलाना मुश्किल है।
सोमवार को नगर क्षेत्र में भ्रमण और कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क के दौरान हरिकृष्ण भट्ट ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। भट्ट ने कहा कि कोविड काल में ट्रांसपोर्ट व्यवसाइयों के लिए सरकार ने जुमलेबाजी करते हुए करोड़ों का पैकेज जारी करने की बात कही। लेकिन अब भी कई ट्रांसपोर्टरों के खाते में महज दो हजार आए। दो हजार में एक हजार का सिलेंडर भरवाए तो एक हजार में घर कैसे चलाए यह सवाल अब ट्रांसपोर्टर कर रहे हैं। यही नहीं सरकारी अस्पतालों में उपचार से लेकर स्कूली बच्चों की फीस में सरकार कोई राहत नहीं दे पाई है। लगातार बढ़ते डीजल और पेट्रोल के दामों से महंगाई आसमान पर है। इस दौरान भट्ट ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनावों में जुटने की बात कही। वहीं भाजपा की रविवार की रैली को फेल करार दिया। भट्ट ने कहा कि अस्पताल से डाक्टरों के तबादले हो रहे हैं। गैरसैंण और कर्णप्रयाग विकासखंड में अब भी कई गांव सड़क से नहीं जुड़ पाए हैं। बेस अस्पताल और ट्रामा सेंटर शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में सरकार केवल झूठी योजनाओं का ढोल पीट रही है। इस मौके पर नगर अध्यक्ष महेश खंडूड़ी, सोशल मीडिया विधानसभा प्रभारी रामदयाल सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।