UTTARAKHAND

चमन सिंह के खिलाफ गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज

विकासनगर

विद्युत विभाग के लाइनमैन बालक राम से कथित गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चमन सिंह कांग्रेस नेता और कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के भाई हैं।त्यूणी तहसील के छुमरा गांव निवासी बालक राम विद्युत विभाग के चकराता उपखंड के अंतर्गत त्यूणी सब स्टेशन पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि सात अक्तूबर को चमन सिंह और राजपाल सिंह ने उन्हें फोन कर उनकी दोनों बेटियों को कांग्रेस में शामिल कराने का दबाव बनाया। इनकार करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने बताया कि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह के खिलाफ गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रिकॉर्डिंग के बाद धमकी देने का आरोप
बालक राम के मुताबिक, उन्होंने फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में सुरक्षित रखी है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बातचीत रिकॉर्ड होने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें और उनके परिवार को फिर धमकियां दी गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ त्यूणी स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और वहां उनके साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की थी। हालांकि, चमन सिंह ने इससे पहले वायरल ऑडियो को एडिटेड बताया था।
मुख्यमंत्री ने भी लिया था संज्ञान
मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बालक राम की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत कर प्रकरण की जानकारी ली थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाते हुए एसएसपी को मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *