SPORTS

 रोहित को मिल सकता है ब्रेक

मुम्बई

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को देखते हुए तरोताजा होने के लिए ब्रेक मिल सकता है। आईपीएल में मुम्बई इंडियंस के कप्तान रोहित की टीम प्लेऑफ से बाहर हो गयी है। इस पूरे सत्र में रोहित लय में नहीं दिखे ओर अर्धशतक तक नहीं लगा पाये जिससे उनके फार्म पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं भारतीय टीम को अगले माह 9 जून से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू सीरीज खेलनी है।
ऐसे में एक रिपोर्ट के अनुसार, रोहित ने बीसीसीआई से आईपीएल के बाद ब्रेक मांगा है। बीसीसीआई के एक अधिकार ने भी माना है कि रोहित ने ब्रेक मांगा है। इस अधिकारी के अनुसार रोहित ने मुंबई की ओर से सभी लीग मुकाबले खेले हैं ऐसे में उनका थके होना लाजिमी है। इसी लिए वह इंग्लैंड दौरे से पहले तरोताजा होना चाहते हैं। बीसीसीआई शीघ्र ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम का चयन करने वाली है।
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के मुकाबले 9 से 19 जून तक खेले जाने हैं। इस सीरीज के लिए शिखर धवन को कप्तान बनाया जा सकता है और सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर युवा खिलाड़ियों को उतारा जा सकता है। सीनियर टीम 15 जून के आस-पास इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। भारतीय टीम को 1 जुलाई से वहां एक टेस्ट खेलना है। यह मैच पिछले साल कोरोना संक्रमण के कारण नहीं खेला जा सका था। तब सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे चल रही थी। भारतीय टीम को अपने इस दौरे में इंग्लैंड में 3 टी20 और 3 एकदिवसीय मैच भी खेलने हैं। इसके अलावा वह 26 और 28 जून को आयरलैंड से 2 टी20 मैच भी खेलेगी।