SPORTS

रूट अब सचिन , कुक और द्रविड़ के क्लब में शामिल हुए

सात टीमों के खिलाफ एक हजार रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बने

लंदन

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने यहां मेहमान टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले ही दिन एक अहम उपलब्धि हासिल की है। रुट ने 11 रनों की अपने छोटी सी पारी के दौरान ही कीवी टीम के खिलाफ अपने 1000 रन पूरे किये। इसी के साथ ही रूट सात टीमों के खिलाफ एक हजार या इससे अधिक रन बनाने के मामले में दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर , एलिस्टर कुक, और राहुल द्रविड़ की बराबरी पर आ गये हैं।
रूट के अब न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ कुल 1003 रन हो गए हैं।
इस प्रकार वह सात अलग अलग टीमों के खिलाफ 1000 या इससे अधिक टेस्ट रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले कुक, सचिन और द्रविड़ ही इस विशिष्ट क्लब में थे। रूट ने पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ अपने से एक हजार रन बनाये हैं।
अब वह टेस्ट क्रिकेट में दस हजार रन के आंकड़े को पूरा करना चाहेंगे जिससे वह केवल एक शतक की दूरी पर हैं। रूट सौ रन बनाते ही दस हजारी क्लब में शामिल हो जाएंगे। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले एलिस्टर कुक के बाद इंग्लैंड के दूसरे इंग्लिश बल्लेबाज होंगे।