SPORTS

न्यूजीलैंड को सस्ते में समेटने के बाद इंग्लैंड की बल्लेबाजी भी ढ़ही

लंदन

बेन स्टोक्स की कप्तानी में उतरी इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को यहां लॉर्ड्स में शुरु हुए पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के पहले ही दिन 132 रनों पर ही आउट कर दिया। कीवी कप्तान केन विलियम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जा गलत साबित हुआ। नये तेज गेंदबाज मैथ्यू पोट्स और अनुभवी जेम्स एंडरसन की शानदार गेंदबाजी की सहायता से न्यूजीलैंड की टीम अपनी पहली पारी में चाय ब्रेक से पहले 132 रनों पर ही पेवेलियन लौट गयी। डेब्यू कर रहे पोट्स और एंडरसन ने चार-चार विकेट लिए। वहीं न्यूजीलैंड की ओर से केवल कोलिन डि ग्रैंडहोम की कुछ हद तक मेजबान गेंदबाजों का सामना कर पाये। कोलिन ने सबसे नाबाद 42 रन बनाए। उन्होंने टिम साउथी 26 के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 41 और ट्रेंट बोल्ट 14 के साथ अंतिम विकेट के लिए 30 रन जोड़कर टीम का स्कोर 100 रन के ऊपर पहुंचाया। कीवी टीम ने लंच से पहले ही 36 रन पर 6 विकेट खो दिए थे। एंडरसन ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को पेवेलियन भेजकर अच्छी वापसी की। वहीं ब्रॉड ने डेवोन कॉन्वे को भी 03 रनों पर ही आउट कर दिया। पोट्स ने विलियमसन को केवल 02 रनों पर आउट कर टीम को एक बड़ा झटका दिया। पोट्स ने डेरिल मिशेल (13) और टॉम ब्लंडेल (14) को भी अपना शिकार बनाया। वहीं काइल जैमीसन भी छह रन बनाकर एंडरसन की गेंद पर आउट हुए। कोलिन ग्रैंडहोम और टिम साउथी ने इसके बाद साझेदारी कर पारी को संभालने का प्रयास किया।
वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने भी पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय तक 7 विकेट पर केवल 116 रन ही बनाये। दिन का खेल समाप्त होने के समय विकेटकीपर बेन फोक्स 06 और स्टुअर्ट ब्रॉड 04 हैं खेल रहे थे। वहीं न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट और काइल जेमिसन ने 2-2 विकेट लिए हैं। इससे पहले इंग्लैंड टीम को एलेक्स लीस और जैक क्राउली ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 59 रनों की साझेदारी भी हुई। एक समय इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 92 रन था पर इसके बाद विकेट गिरने जो शुरु हुए तो यह सिलसिला खेल समाप्त होने तक जारी रहा। 100 के स्कोर पर इंग्लैंड को सातवां झटका लग गया इस प्रकार टीम ने 8 रन बनाने के लिए 5 विकेट खो दिये। कप्तान स्टोक्स केवल एक रन बना पाये। स्टंप्स तक इंग्लैंड का स्कोर 7 विकेट पर 116 रन था। इसमें 18 रन अतिरिक्त के हैं।