विवादित पोस्ट से महाराष्ट्र के कामटी में तनाव, दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
नागपुर
महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कामटी शहर में एक समुदाय के सदस्य सोशल मीडिया पर दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के बाहर जमा हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक पुरुष और एक महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण के कारण कामटी में तनाव उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात की गई पोस्ट के मामले में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और कामटी में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। न्यू कामटी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने एक व्हाट्सएप ग्रुप पर कथित तौर पर एक धर्म को बदनाम करने वाला एक संदेश साझा किया था। उन्होंने बताया कि पुरुष ने एक अन्य सोशल मीडिया मंच पर महिला के समर्थन में संदेश लिखा था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद एक समुदाय के कई सदस्य न्यू कामटी थाने के बाहर जमा हो गए और दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और गुस्साई भीड़ को शांत किया। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कामटी में एक त्वरित प्रतिक्रिया दल और दंगा नियंत्रण पुलिस तैनात की गई है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
