कानपुर हिंसा: बेकसूरों को जल्द रिहा कराएंगे बरेली शरीफ व लॉ बोर्ड जदीद
कानपुर
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड जदीद और मरकज अहले सुन्नत बरेली शरीफ के उलमा ने मंगलवार को मरकजी दारुल कजा बांसमंडी में शहर काजी मुफ्ती साकिब अदीब मिस्बाही व अन्य उलमा के साथ बैठक की। आश्वस्त किया कि वे शहर के पीडि़त लोगों की माली व कानूनी मदद देने के लिए तैयार हैं। बेकसूरों को जल्द रिहा कराएंगे।
मरकज ए अहले सुन्नत बरेली शरीफ के तर्जुमान मौलाना मोहम्मद शहाबुद्दीन रजवी और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड जदीद के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना नूर अहमद अजहरी और मौलाना शाहबाज रजा कादरी बांसमंडी स्थित मरकजी दारुल कजा पहुंचे। यहां शहर काजी व अन्य उलमा के साथ नई सडक़ हिंसा के बारे में चर्चा हुई। उन्होंने बरेली शरीफ खानकाह प्रमुख मौलाना मोहम्मद सुब्हान रजा खां सुबहानी मियां की ओर से आश्वस्त करते हुए कहा कि वे पूरी रिपोर्ट उन्हें सौंपेंगे। इसके बाद कई फैसले किए जाएंगे।
लॉ बोर्ड जदीद के सदस्य मौलाना नूर अहमद अजहरी ने कहा कि एक वकीलों का पैनल तैयार कर मदद की जाएगी। बैठक में कारी ख्वाजा अब्दुल मुत्तलिब कादरी, कारी मोहम्मद सगीर आलम हबीबी, मुफ्ती मोहम्मद हनीफ बरकाती, मौलाना असगर अली यार अल्वी आदि मौजूद थे।

