HARIDWAR

सीएचसी में डिजिटल एक्स रे मशीन लगायी

रुडकी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डिजिटल एक्स रे मशीन लगा दी गई है। इसके साथ ही तकनीशियन की तैनाती भी कर दी गई है।जल्द ही लोगों को एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अभी तक एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके लिए स्थानीय लोग लगातार मांग करते आ रहे थे। इस संबंध में पिछले दिनों नगर की सामाजिक संस्थाओं की ओर से विधायक को पत्र भेजकर अस्पताल में एक्स-रे सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई थी। विधायक काजी निजामुद्दीन ने स्वास्त्य महानिदेशक को पत्र लिखकर इस बारे में आग्रह किया था।
डीजी हेल्थ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध करा दी है। इसी के साथ तकनीशियन की तैनाती भी कर दी है। अस्पताल के प्रबंधक विपिन कुमार ने बताया कि तकनीशियन की तैनाती हो चुकी है। साथ ही एक्स-रे मशीन भी उपलब्ध हो गई है। जल्द ही मशीन को संचालित कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल की ओर से अल्ट्रासाउंड मशीन की डिमांड भी भेजी गई है।