HARIDWAR

मरीजों को बाजार की दवा लिखने पर होगी कार्रवाई

ऋषिकेश

सरकारी अस्पताल में मरीजों को बाहर की दवा लिखने वालों की खैर नहीं। शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सीएमएस ने निर्देश दिए हैं कि आपात स्थिति में डाक्टर जन औषधीय केंद्र में मिलने वाली दवा ही लिखें। एसपीएस सरकारी अस्पताल के नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विजयेश भारद्वाज ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को चाकचौबंद रखने के लिए डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की बैठक ली। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि डाक्टर ओपीडी और इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को बाहर से दवा नहीं लिखेंगे। अस्पताल के औषधि केंद्र में ही निशुल्क मिलने वाली दवा पर जोर देंगे। मरीज को बाजार की दवा लिखने की शिकायत पर कार्रवाई होगी।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनकी प्राथमिकता कोविड संकट में प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना और कोविड से बचाना है। इसके लिए टीकाकरण तेज कर दिया गया है। बताया कि लंबे समय से बंद पड़ी असपताल की दोनों लिफ्ट भी शुरू हो गई।