UTTARAKHAND

आजादी के 73 वर्ष बाद भी सडक़ सुविधा से वंचित सारनी के ग्रामीण

विकासनगर 

त्यूणी तहसील अंतर्गत सारनी गांव के ग्रामीणों को आजादी के 73 वर्ष बाद भी सडक़ सुविधा का लाभ नहीं मिल सका है। ग्रामीणों को करीब छह किमी पैदल दूरी तय कर गांव के बाहर से आना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लोनिवि के ईई को पत्र भेजकर मार्ग निर्माण की मांग की है। भेजे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद से ग्रामीण मार्ग निर्माण की बाट देख रहे है। हालांकि, करीब चार वर्ष पूर्व मार्ग को स्वीकृति मिली थी। लेकिन, स्वीकृति के बावजूद, ग्रामीणों को मार्ग का लाभ नहीं मिल सका है। बताया कि इस सम्बंध में कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत और मांग की जा चुकी है। लेकिन, कोई सुनने को तैयार नहीं है। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि, एक माह के भीतर विभाग ने मार्ग निर्माण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की, तो ग्रामीण आंदोलन को विवश होंगे। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी लोनिवि की होगी। पत्र भेजने वालों में राजेन्द्र चौहान, दिगम्बर, महेन्द्र, रघुवीर सिंह, हुकम सिंह, सैन सिंह, कीरत सिंह, जयपाल सिंह, कान सिंह, यशपाल सिंह आदि शामिल रहे।