एसडीएम से की मोटर मार्ग निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग
विकासनगर
पिहानी देसऊ मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा न होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द मार्ग निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर काम शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। सोमवार सुबह पिहानी और देसऊ गांव के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मात्र सात किमी मार्ग का निर्माण कार्य पांच वर्षों में पूरा नहीं हो सका है। हालांकि, विभाग ने मार्ग के दोनों किनारों से तीन-तीन किमी मार्ग बना दिया है। लेकिन, बीच में करीब एक किमी मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम से जल्द लोनिवि के अधिकारियों को निर्देशित कर अधर में लटके मार्ग के निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग की है। कहा कि यदि, एक सप्ताह के भीतर मार्ग निर्माण कार्य शुरू न हुआ, तो ग्रामीण आंदोलन को विवश होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में अनंतराम, सुनील, भीम सिंह चौहान, सीताराम शर्मा, प्रताप सिंह, भगतराम, दौलत सिंह, सरदार सिंह, टीकाराम, जालम सिंह आदि शामिल रहे।

