NATIONAL

 निरीक्षक 15 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा

ग्वालियर

सहकारिता विभाग के निरीक्षक को लोकायुक्त पुलिस की टीम ने गत दिवस दोपहर को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। सहकारिता निरीक्षक ने पिछोर प्राथमिक कृशि सहकारी साख समिति के प्रबंधक और उसके बेटे से 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पिता-पुत्र गबन के मामले में बर्खास्त हुए थे, उनके बहाल होने के बाद ज्वाइनिंग कराने के एवज में वह रिश्वत मांग रहा था। उस पर लोकायुक्त पुलिस ने मामला दर्ज किया है। प्राथमिक कृषि सहकारी साख समिति का प्रबंधक फारुख खान था, जबकि उसका बेटा अल्ताफ सेल्समैन था। लोकायुक्त निरीक्षक कविंद्र सिंह चौहान ने बताया कि दोनों को गबन के मामले में बर्खास्त किया गया था। बर्खास्त होने के बाद फारुख और अल्ताफ खान कुछ समय पहले बहाल हुए थे। इन्हें नौकरी पर वापस लेने के लिए सहकारिता निरीक्षक 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसमें से 15 हजार रुपये तो ये दे चुके थे। अल्ताफ ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी।