dehradunUTTARAKHAND

दयारा बुग्याल में पारंपरिक व ऐतिहासिक बटर फेस्टिवल का आयोजन 17 को

देहरादून

कोरोना संकट के दो साल बाद इस वर्ष अगस्त महीने में रैथल के ग्रामीण दयारा बुग्याल में पारंपरिक व ऐतिहासिक बटर फेस्टिवल यानि अढूंड़ी उत्सव 17 अगस्त को आयोजित किया जायेगा। आज परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से रूबरू होते हुए गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा है कि 17 अगस्त को होने वाले इस पारंपरिक उत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इस बार बटर फेस्टिवल में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर महोत्सव का आयोजन कर आजादी के जश्न पर दूध, मट्ठा व मक्खन की होली के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि साथ ही समुद्रतल से 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित दयारा बुग्याल में 15 अगस्त को इस बार तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समुद्रतल से 11 हजार फीट की उंचाई पर 28 वर्ग किमी. क्षेत्र में फैले दयारा बुग्याल में रैथल के ग्रामीणों द्वारा सदियों से भाद्रप्रद महीने की संक्रांति को दूध, मक्खन, मट्ठा की होली का आयोजन करते हैं। प्रकृति का आभार जताने के लिए आयोजित किए जाने वाले इस दुनिया के अनोखे उत्सव को रैथल गांव की दयारा पर्यटन उत्सव समिति व ग्राम पंचायत बीते कई वर्षों से बड़े पैमाने पर दयारा बुग्याल में आयोजित कर रही है, जिससे देश विदेश के पर्यटक इस अनूठे उत्सव का हिस्सा बन सके। इस अवसर पर वार्ता में सुशीला देवी ग्राम प्रधान रैथल, गजेंद्र सिंह राणा पंच मालगुजार पंचगाई रैथल, राजवीर सिंह रावत कोषाध्यक्ष, संदीप राणा उपाध्यक्ष, रामचंद्र सिंह पंवार आदि शामिल रहे।