dehradunUTTARAKHAND

कनिष्ठ अभियन्ता के डाउनग्रेड वेतनमान पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित

देहरादून

उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के जनपद देहरादून की जनपदीय कार्यकारिणी द्वारा कनिष्ठ अभियन्ता के डाउनग्रेड वेतनमान पर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा पुरजोर तरीके से अपनी बात रखी गई कि उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के मददेनजर पूर्व राज्य सरकारों द्वारा उत्तराखण्ड के डिप्लोमा इन्जीनियर्स को एक सम्मानजनक वेतनमान दिये गये थे, जिसकी शासन में बैठे ब्यूरोक्रेटस द्वारा गलत व्याख्या की गई है तथा सरकार की छवि खराब करने के लिए इस राज्य के कर्मचारियों व अभियन्ताओं को आन्दोलन में धकेलने के लिए मजबूर किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री की छवि को खराब कर उसे हड़ताली प्रदेश बनाना चाह रहे है। वक्ताओं ने कहा कि शासन में बैठे ब्यूरोक्रेटस नही चाहते है कि सरकार अपनी स्वच्छ छवि के साथ राज्य का विकास करें। वक्ताओं द्वारा कहा गया कि इस राज्य के अभियन्ताओं की कार्य करने की क्षमता के साथ किसी दूसरे राज्य के अभियन्ताओं की तुलना नही की जा सकती तथा यहां केदारनाथ जैसी दैविक आपदाओं तथा अन्य आपदाओं में इस राज्य के डिप्लोमा इन्जीनियर्स ने अपना सर्वोपरि योगदान दिया है इसलिए डिप्लोमा इन्जीनियर शासन के इस कुचक्र को कभी भी सफल नहीं होने देंगे तथा इसके लिए वहद स्तर पर प्रदेशव्यापी आन्दोलन चलाया जायेगा। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष इंजीनियर सुरेन्द्र श्रीकोटी एवं जनपद सचिव इंजीनियर आशीष यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस अवसर पर ज्ञापन प्रेषित करने में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के प्रान्तीय अध्यक्ष इंजीनियर एसएस चौहान, प्रान्तीय महासचिव इंजीनियर मुकेश रतूड़ी, प्रान्तीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर अरविन्द सजवाण सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।