HARIDWAR

गंगा सभा का चुनाव अब त्रिकोणीय होगा

हरिद्वार

हरकी पैड़ी की प्रबंधकारिणी श्रीगंगा सभा के चुनाव में अध्यक्ष पद पर पूर्व महामंत्री वीरेंद्र श्रीकुंज, रामकुमार मिश्रा और नितिन गौतम में टक्कर होगी। देर रात तक हुई बैठक के बाद श्रीकुंज खेमे ने भी अपने नामों की घोषणा कर दी है। इस गुट से अध्यक्ष पद पर वीरेंद्र श्रीकुंज, महामंत्री पर आमेश शर्मा और सभापति पद पर अनिल कौशिक मैदान में होंगे। बैठकों के बाद श्रीकुंज खेमे से सभापति के रूप में अनिल कौशिक कुंए वाले का नाम घोषित कर दिया गया। क्योंकि अनिल कौशिक फिरेडियान से आते हैं इसलिए गंगा सभा चुनाव में अब धड़ा फिरेडियान की स्थिति भी साफ हो गई है। वीरेंद्र श्रीकुंज गंगा सभा के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पदाधिकारी रहे हैं। लगातार 25 वर्षों तक महामंत्री निर्वाचित होकर उन्होंने इतिहास रचा था। गंगा सभा का चुनाव अब त्रिकोणीय होगा। इस बार महामंत्री पद पर तन्मय वशिष्ठ, आमेश शर्मा और श्रीकांत वशिष्ठ, सभापति पद पर कृष्ण कुमार ठेकेदार, प्रदीप झा और अनिल कौशिक आमने-सामने होंगे। तीनों गुटों के संभावित प्रत्याशियों ने अपने प्रचार शुरू कर दिए हैं। हालांकि अभी तक चुनाव की तारीख तय नहीं हुई है।