पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी
हरिद्वार
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन मायापुर स्थित यूनियन भवन में किया गया। लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद कर किसानों का मसीहा बताया। सभा को संबोधित करते हुए कार्यकारी महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री देश के ऐसे नेता थे जिन्होंने गांव, गरीब और किसान के लिए काम किया। कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुरली मनोहर ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्होंने देश का गौरव बढ़ाया। पूर्व पार्षद अमन गर्ग और पार्षद राजीव भार्गव ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री देश के ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्होंने राजनीति में सिद्धांत और नैतिकता के उच्च मापदंड स्थापित किए। वरुण बालियान ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके दिखाए मार्ग पर चलने का कार्य करें। इस मौके पर यूथ कांग्रेस महासचिव शुभम जोशी, मुकुल जोशी, अशोक गुप्ता, प्रदीप त्यागी, रवि ठाकुर, नरेंद्र उपाध्याय, सोहित, मोनू कुमार, हरीश सेठी आदि साथी उपस्थित रहे।

