युवक को घसीटता हुआ ले गया ट्रक चालक
हरिद्वार। पिछले दिनों हुई सड़क दुर्घटना के मामले में रानीपुर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कराते हुए राजन पुत्र भारत सिंह निवासी मंगोलपूर राजपार्क दिल्ली ने बताया कि उसका भाई विपिन 26 जून को सलेमपुर के पास प्रधान होटल के सामने से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक चालक को उसके भाई ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रोकने की बजाय उसके भाई को चपेट में ले लिया। ट्रक की चपेट में आकर उसका भाई घसीटता हुआ चला गया। राहगीरों ने चालक को घेर लिया था लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा था। उसके भाई की हालत गंभीर होने पर हॉयर सेंटर रैफर कर दिया गया है, जिसके बाद दिल्ली के एक अस्पताल में उसके भाई का इलाज चल रहा है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

