साधु-संत और शहर काजी भी करेंगे ध्वज लगाने की अपील
भोपाल
आजादी के अमृत वर्ष में प्रदेश के हर घर तक तिरंगा पहुंचाने के लिए भाजपा ने भी व्यापक स्तर पर कार्यक्रम हाथ में लिया है। अभियान 11 से 15 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान जन-जागरण के लिए बाइक रैली भी निकालने की तैयारी है। छोटे गांवों से लेकर बड़े शहरों तक सभी घरों में तिरंगा लगाने के लिए सामाजिक संगठन के अलावा साधु-संत, पादरी और शहर काजी से भी अपील कराई जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में तिरंगा लेकर घर-घर जाएंगे और राष्ट्रीयता का भाव जगाएंगे। अभियान प्रशासन, सामाजिक संगठनों, संस्थाओं, स्थानीय निकायों और जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में उन क्रांतिकारियों को याद किया जिनके संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली।

